रादौर के ग्लोबल कॉलेज में आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता को सम्मानित करते स्टाफ सदस्य। (छाया : कुलदीप सैनी)
रादौर, 27 मार्च (कुलदीप सैनी): ग्लोबल रिसर्च इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी में स्टार्टअप रणनीति एवं व्यवसाय मॉडल विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें एनविज़न ग्लोबल बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अमित कंबोज मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को स्टार्टअप आइडियाज, रणनीतिक योजना निर्माण और सतत व्यवसाय मॉडल के विकास पर मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि बाजार की आवश्यकताओं को पहचानना, व्यवसायिक विचारों को सत्यापित करना और एक स्थायी व्यवसाय मॉडल की नींव रखने के लिए यह समझना जरूरी है कि इनोवेशन का आज के डिजिटल युग में क्या महत्व है। उन्होंने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्रों में पूरे उत्साह और जिज्ञासा के साथ स्टार्टअप की समझ विकसित होती है। साथ ही यह कार्यक्रम उनके अंदर नवाचार की भावना को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि आज हमारे छात्र अपने विचारों को साकार रूप देने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्राचार्य डॉ. अश्वनी ढींगरा ने कहा कि इस प्रकार के प्रेरणादायक आयोजनों से विद्यार्थियों को स्टार्टअप की सोच विकसित होती है और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने की प्रेरणा मिलती है।
